Showing posts with label नरेश सक्सेना. Show all posts
Showing posts with label नरेश सक्सेना. Show all posts

Tuesday, September 28, 2010

कौन सी कविताएं - नरेश सक्सेना

जैसे चिड़ियों की उड़ान में
शामिल होते हैं पेड़

क्या मुसीबत में
कविताएं होंगी हमारे साथ

जैसे युद्ध में काम आए सैनिक के
शस्त्रों और वर्दी के साथ-साथ
खून में डूबी मिलती हैं उसके बच्चों की तस्वीर

क्या कोई पंक्ति डूबेगी खून में

जैसे चिड़ियों की उड़ान में शामिल होते हैं पेड़
मुसीबत के वक़्त
कौन सी कविताएं होंगी हमारे साथ

लड़ाई के लिए उठे हाथों में
कौन से शब्द होंगे

(मार्च-अप्रैल १९९२ में राजेश जोशी के संपादन में छपे वर्तमान साहित्य के कविता विशेषांक से)