Wednesday, September 15, 2010

दूसरा नैनीताल फिल्म फेस्टिवल

२४ से २६ सितम्बर, २०१० शैले हाल, नैनीताल क्लब, मल्लीताल, नैनीताल, उत्तराखंड.
(गिर्दा और निर्मल पांडे की याद में)

युगमंच और द ग्रुप, जन संस्कृति मंच द्वारा आयोजितप्रमुख आकर्षण :फीचर फिल्म:दायें या बायें (निर्देशिका: बेला नेगी), खरगोश(निर्देशक: परेश कामदार), छुटकन की महाभारत (निर्देशक: संकल्प मेश्राम) डाक्यूमेंटरी:वसुधा जोशी की फिल्मों पर ख़ास फोकस ( फिल्में : अल्मोडियाना, फॉर माया, वायसेस फ्राम बालियापाल)जश्ने आज़ादी (निर्देशक: संजय काक), कित्ते मिल वे माह़ी (निर्देशक: अजय भारद्वाज ), फ्राम हिन्दु टू हिन्दुत्व (निर्देशक: देबरंजन सारंगी ), आई वंडर ( निर्देशिका: अनुपमा श्रीनिवासन ), अँधेरे से पहले (निर्देशक: अजय टी जी ) और मेकर्स ऑफ़ दुर्गा (निर्देशक: राजीव कुमार)।अन्य आकर्षण :प्रयाग जोशी और बी मोहन नेगी का सम्मान, बी मोहन नेगी के चित्रों और कविता पोस्टरों की प्रदर्शनी, अफ्रीका के जन जीवन पर पत्रकार राजेश जोशी का व्याख्यान -प्रदर्शन , युगमंच के बाल कलाकारों द्वारा लघु नाटक, तरुण भारतीय और के मार्क स्वेअर द्वारा संयोजित म्यूजिक विडियो का गुलदस्ता, लघु फिल्मों का पैकेज,फिल्मकारों के साथ सीधा संवाद और फैज़, शमशेर बहादुर सिंह, नागार्जुन, केदारनाथ अग्रवाल, अज्ञेय और गिर्दा की कविताओं के पोस्टरों का लोकार्पण । ख़ास बात: यह आयोजन पूरी तरह निशुल्क है । फिल्म फेस्टिवल में प्रवेश के लिए किसी भी तरह के औपचारिक आमंत्रण की जरुरत नहीं है.संपर्क: ज़हूर आलम , संयोजक , दूसरा नैनीताल फिल्म फेस्टिवल इन्तखाब, मल्लीबाज़ार, मल्लीताल, नैनीताल, उत्तराखंड फ़ोन: 09412983164, 05942- 237674 संजय जोशी, फेस्टिवल निदेशक, दूसरा नैनीताल फिल्म फेस्टिवल C-303 जनसत्ता अपार्टमेंट्स , सेक्टर 9, वसुंधरा गाज़ियाबाद , उत्तर प्रदेश -201012 फ़ोन: 09811577426, 0120-४१०८०९०

नैनीताल में सितम्बर के महीने में मौसम सुहावना रहता है लेकिन फिर भी गरम कपड़ों की जरुरत पड़ सकती है. सस्ते और सुन्दर होटल के लिए आप फेस्टिवल के संयोजक ज़हूर आलम से बात कर सकते हैं या खुद भी internet के जरिये अच्छे विकल्प तलाश सकते हैं. फेस्टिवल 24 सितम्बर को दुपहर में 3.30 बजे शुरू होगा. उस दिन वसुधा जोशी की अल्मोड़े के दशहरे पर केन्द्रित डाक्यूमेंटरी अल्मोडियाना और बेला नेगी की पहाड़ के जीवन पर आधारित फीचर फ़िल्म दायें या बाएं का प्रदर्शन होगा. इस फ़िल्म में हाल ही में दिवंगत गिर्दा का भी जीवंत अभिनय है. अगले दोनों दिन यानि 25 और २६ सितम्बर को फेस्टिवल सुबह 10.30 बजे से शुरू होकर रात 9 बजे तक चलेगा .- संजय जोशी

Saturday, September 11, 2010

नूर ज़हीर से एक मुलाकात : दहलीज़ के सफ़र की विचारोत्तेजक शुरुआत

नूर ज़हीर से एक मुलाकात : दहलीज़ के सफ़र की विचारोत्तेजक शुरुआत

--रोहित कौशिक

मौसम बहुत नास्टेल्जिक था. सुबह से हो रही बारिश थम चुकी थी.रविवार ५ सितम्बर की शाम में दिल्ली महानगर के कुछ अदीब, कुछ कलाकार उस 'दहलीज़' के अन्दर अपने ख्वाब, अपनी फ़िक्र के साथ दाखिल हुए जो अभी चंद रोज पहले तामीर हुआ था. पहली मुलाकात तय थी कथाकार, पत्रकार, नाटककार, डांसर और रिसर्चर नूर ज़हीर से. वे आयीं तो जैसे आम आदमी के जबान की खुशबू फ़ैल गयी हर सिम्त. उन्होंने अपने नावेल 'बड़ उरैया' से एक अंश सुनाया. जिसमे एक भोलेभाले किसान मम्दू के सहज गुस्से और उसके द्वारा पडोसी के खच्चर को मार देने के इलज़ाम में चल रहे मुकदमे की दास्तान थी. इस दास्तान में आम आदमी के जबान का जादू तो था ही, उसके ईमान का जबरदस्त रंग भी था. मम्दू जिसकी गेहूं की फसल दीन मुहम्मद से झगडे की वजह से बर्बाद हो गयी थी, क्योंकि उसने उसके खेत तक पानी जाने नहीं दिया था और आम को आंधी ने बर्बाद कर दिया था. एक तरकारी का खेत बचा था, जब उसे भी खच्चर बर्बाद करने लगा तो गुस्से में उसने उसे मार दिया. उसे समझ में नहीं आता कि इसमें गलत क्या है. वकील जिनका धंधा झूठ बोलने पर ही चलता है वे उसे झूठ बोलने को कहते हैं. अदालत में वह कोशिश करता है झूठ बोलने की, लेकिन चूँकि उसने सच बोलने की कसम भी खाई थी, इस वजह से सच बोल देता है. उसे समझ में नहीं आता कि वकील साहब लाल-पीले क्यों हो रहे हैं. आगे उसे बताया जाता है कि अदालत का ईमान और घर का ईमान अलग-अलग होता है. उसे लगता है कि यह तो धोखा है. ईमान तो इन्सान का होता है.
मम्दू के जबान और ईमान से फिर बातों का सिलसिला शुरू हुआ, जो हमारे समय में मौजूद कई जरूरी सवालों तक पंहुचा. विचारो और बहसों की आंच में बारिश के बाद की वह शीतल शाम सुलग उठी और सबको गहरी सार्थकता का एहसास हुआ. नूर ज़हीर ने इस पर चिंता ज़ाहिर की कि हमारे यहाँ कोई जबान ढंग से नहीं सिखाई जा रही है. प्रोग्रेसिव तहरीक के अगुआ रहे सज्जाद ज़हीर और रजिया ज़हीर कि छोटी बेटी नूर ज़हीर ने बताया कि घर का जो अदबी और कल्चरल माहौल था उसमें लिखने कि शुरुआत उन्होंने बहुत डरते हुए की. हालाँकि प्रोत्साहन बहुत मिला. बच्चो के लिए नाटक करने, डांस का प्रशिक्षण पाने और बौद्ध मठों पर अपने शोध के अनुभव को भी उन्होंने साझा किया. उन्होंने एक विचारोत्तेजक बात कही कि बौद्ध काल में पितृसत्ता मजबूत हुई और जो इस्लाम में तो बहुत ताकतवर है. एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वे नहीं मानतीं कि भारत में मुस्लिम समाज इतने खौफ और असुरक्षाबोध में घिरा है कि मुस्लिम औरतों की आज़ादी और बराबरी की लड़ाई को उसके बहाने धीमा किया जाए या रोक दिया जाए. पत्रकार भाषा सिंह ने इससे सहमति जाहिर करते हुए कहा कि गुजरात में सारी लड़ाई औरतें ही लड़ रही हैं. समयांतर के संपादक पंकज बिष्ट ने याद दिलाया कि वहां हिन्दू औरतों ने हमले भी किये इसे भी नहीं भूलना चाहिए. हालाँकि उन्होंने जोर देकर कहा कहा कि इस वक्त महत्वपूर्ण लड़ाइयों की कमान औरतों ने सँभाल रखी है. मेघा पाटेकर से लेकर अरुंधती तक इसका उदाहरण हैं. सुधीर सुमन ने नूर ज़हीर और यशपाल की एक कहानी का हवाला देते हुए कहा कि दरअसल पूरी जद्दोजहद ऐसे लोकतान्त्रिक मूल्यों के निर्माण के लिए है, जिसमे कोई स्त्री पुरुष खुद को न शोषित समझे न किसी का शोषण करे. आज़ादी और बराबरी के मूल्य दोनों के लिए समान हों. आलोचक- व्यंग्यकार प्रेमपाल शर्मा ने हिंदी पट्टी की सामन्ती सामाजिक संरचना को बदलने की जरूरत पर जोर दिया.आलोचक आशुतोष ने इज्जत के नाम पे होने वाली हत्याओं के मामले में छात्रों की राय का जिक्र करते हुए समाज के लोकतान्त्रिक रूपांतरण के सवाल को लेकर चिंताजनक सवाल खड़ा किया. फिर जेंडर इश्यू पर जम के चर्चा हुई. खाप पंचायतों, हिंदी साहित्य में स्त्री लेखन और कुछ पत्रिकाओं द्वारा चलाए जा रहे स्त्री विमर्श के तौर तरीके पर गर्मागर्म बहसें चलीं. नूर ज़हीर ने कहा कि हिंदी कि तुलना में देखें तो उर्दू अदब में तो जेंडर इश्यू उठा पाना बहुत मुश्किल है.
सेकुलरिज्म और हिन्दू मुस्लिम रिश्तों के सबंध में भी बातें हुई. पत्रकार भूपेन ने कहा कि मजहब को मानते हुए सेकुलरिज्म संभव नहीं है. नूर ज़हीर ने अपने दादा की दो हिन्दू बहनों का हवाला देते हुए कहा कि उन लोगों को अपने अपने धर्म और रिवाज में आस्था थी, पर इसके बावजूद रिश्ते बहुत मधुर थे, बल्कि वे एक दूसरे के हितों की फ़िक्र करते थे. एक खास तरह की राजनीति ने दोनों सम्प्रदायों के बीच जो दूरी बढाई है, जिस तरह का अविश्वास और नफरत पैदा किया है उसे लेकर भी चिंता जाहिर की गयी. नूर जहीर ने कहा कि लेफ्ट idealogy के बिना आजाद हिंदुस्तान को देखना उनके लिए संभव ही नहीं है. पंकज बिष्ट ने कहा कि कोई अगर डेमोक्रेटिक है तो वह एंटी वुमेन या एंटी सेकुलर नही हो सकता. उन्होंने कहा कि इस वक्त भारतीय स्टेट अपना रोल प्ले करने में असफल रहा है, कई समस्याएँ इस वजह से भी बनी हुई हैं. बहस में कवि कुमार मुकुल, मुकुल सरल, पत्रकार श्याम सुशील ने भी महत्वपूर्ण हस्तक्षेप किया. इस मौके पर खालीद. उपेन्द्र स्वामी, सीरज सक्सेना, मुकुल पन्त, वंदना, सुलेखा और मनीषा भी मौजूद थे.

इस तरह दहलीज़ के सफ़र की शुरुआत हुई. दहलीज़ एक कोशिश है अदब, कला और विचार को जीवन शैली का हिस्सा बनाने की. इस कोशिश के तहत हर महीने के पहले रविवार को १३३, कला विहार, मयूर विहार फेज १ में रचनाकारों से मुलाकात और बात होगी. दहलीज़ का ईमेल है- dahleez@rediffmail.com, mobile n. 9818999500. संयोजक हैं रोहित कौशिक.

Wednesday, August 18, 2010

तब इतना करना!




जब मैं न रहूँ इस अस्तित्व शून्यता में
तब इतना करना
बेहिचक तुम पोंछ लेना अपनी आँखें
ठीक ही है, चार दिन-
धड़केगा कलेजा, दम घुटने लगेगा.
सँभाल लेना भर भर आती हिचकियों को,
रुन्धने न देना गले को.
फिजूल ही घावों की पीड़ा के चक्कर में न पड़ना
ख़ुशी से, ख़ुशी से बसा लेना एक आशियाँ जो तुम्हें रुचे
मुझे याद करके,
और ज़रूरत पड़े तो मुझे भुलाके.

-नारायण सुर्वे

मराठी से अनुवाद: भारतभूषण तिवारी

(जनकवि नारायण सुर्वे का लम्बी बीमारी के बाद सोमवार, १६ अगस्त को ठाणे में निधन हो गया.चिंचपोकली महानगर पालिका की इमारत में स्थित नारायण सुर्वे के सरकारी क्वार्टर की तस्वीर मराठी समाचारपत्र सकाळ की वेबसाइट से साभार)

Monday, August 9, 2010

विभूति नारायण राय की टिप्पणी पर प्रो. इलिना सेन


इस बात से मुझे गहरा दुख पहुँचा है कि हमारे कुलपति श्री विभूति नारायण राय महिला लेखकों और महिलावादी विमर्श पर की गई अपनी टिप्पणी को लेकर अशोभनीय विवाद में उलझ गए हैं. एक सार्वजनिक हस्ती के तौर पर श्री राय को इस बात का कहीं ज्यादा ध्यान रखना चाहिए था कि हिंदी महिला लेखकों द्वारा उठाये गए विषयों से उनकी असहमतियाँ और उन पर उनकी टिप्पणियाँ संसदीय भाषा की सीमाओं में बनी रहें.

आज महिलावादी विमर्श सत्ता की संरचनाओं और संबंधों को चुनौती देने वाले सर्वाधिक शक्तिशाली बौद्धिक विमर्शों में से एक है, और इसमें समाज और राजनीति को देखने के पूर्णतः अभिनव तरीके तैयार करने का सामर्थ्य वाकई है. यह विरोधाभास ही है कि इस विमर्श की शुरुआत इस समझ के साथ हुई थी कि हम जैविक विभेदों के सामाजिक ढाँचे तक अपने आपको सीमित नहीं रखेंगे. इसलिए यह कहना कि कुछ लेखिकाओं के लिए महिला मुक्ति का अर्थ मात्र 'दैहिक' मुक्ति और बेवफाई के उत्सव तक सिमट कर रह गया है, महिलावादी विद्वत्ता की गहराई और विस्तार को नज़रअंदाज़ करता है. अलग अलग लोगों ने जिन विषयों को अपने सृजनात्मक लेखन के लिए चुना यह उनका विशेषाधिकार है. फिर भी हमें यह मानना होगा कि व्यक्तिगत जीवन और अनुभवों से जुड़े मुद्दों पर बात करने में पुरुषों के मुकाबले महिला लेखकों ने कहीं ज्यादा ईमानदारी और स्पष्टवादिता दिखाई है. उनके लेखन ने बहुत से संवेदनशील क्षेत्रों को चर्चा में लाया है जिसमें लैंगिकता का मुद्दा भी शामिल है . साहित्यालोचना के लोकतांत्रिकरण के किसी भी प्रयास में इस बात का उपहास नहीं बल्कि सराहना की जानी चाहिए. बहुत कर के इस तरह की टिप्पणियाँ महिलाओं की लैंगिकता को लेकर पुरुषों और पितृसत्तात्मक समाज में हमेशा से रहे डर और व्यग्रता की ही सूचक हैं.

महिला आन्दोलन एक राजनीतिक हलचल के तौर पर बहुत सारे मुद्दों और घटक-समूहों से सम्बद्ध रहता है और अन्य मुक्ति संघर्षों से हमेशा ही उसका करीबी नाता रहा है. एक अकादमिक विधा के तौर पर महिला अध्ययन इसी आन्दोलन से शक्ति ग्रहण करता है और एक गहन बौद्धिक विरासत महिला अध्ययन को बहुत सी विधाओं से प्राप्त हुई है जिनमें एक विधा हिंदी साहित्य भी है. इस विविधता और गहनता का भारतीय महिला अध्ययन संघ के "हाशियाकरण का प्रतिरोध: अधिपत्य का विरोध" विषय पर वर्धा में होने वाले राष्ट्रीय सम्मलेन में प्रतिबिंबित होना अपेक्षित है. मैं वर्धा विश्वविद्यालय समुदाय के सभी सदस्यों को इस सम्मलेन में हिस्सा लेने, बहसों में शामिल होने, और महिलावादी विमर्श वास्तव में क्या है यह जानने हेतु आमंत्रित करती हूँ.

इलिना सेन
वर्धा, 1 अगस्त, 2010

*************************************************************
(वक्तव्य की मूल अंग्रेजी प्रति नीचे दी जा रही है)
*************************************************************

I am deeply saddened that Shri VN Rai, our Vice Chancellor, has got embroiled in an unseemly controversy over his remarks on women writers and the feminist discourse. As a public figure, he should have taken far greater care to ensure that his remarks and differences with the themes that women writers in Hindi may have chosen to address, stayed within parliamentary limits.

The feminist discourse today is one of the most powerful intellectual discourses that challenges structures and relationships of power, and truly has the potential to develop entirely new ways of looking at society and politics. Paradoxically, it all began with the understanding that we would not be limited by the social construction of biological differences. Therefore , to say that for some writers women's liberation is reduced to 'bodily' liberation and a celebration of infidelity alone, ignores the depth and range of feminist scholarship. What individual creative writers chose to write about is their prerogative. However, we must recognize that by and large , women writers have shown far greater honesty and forthrightness in discussing issues relating to personal lives and experiences than men. Their writings have opened up for discussion many sensitive areas including issues of sexuality. In any attempt to democratize literary criticism, this should be appreciated, not ridiculed. In many ways comments like this are symptomatic of the fear and anxiety regarding women's sexuality that men and patriarchal society have always had.

The women’s movement as a political ferment deals with a large number of issues and constituencies and has always had a close relationship to other liberation struggles. Women’s studies as an academic discipline draws its strength from this movement and a deep intellectual heritage drawn from many disciplines, Hindi literature being only one of them. The forthcoming national conference at Wardha of the Indian Association of Women’s Studies on the theme “Resisting marginalization: challenging hegemonies” is expected to reflect this diversity and depth. I would invite all members of the Wardha University community to participate in the conference, join in the debates , and learn what the feminst discourse is actually about.


Ilina Sen
Wardha , 1 August, 2010.

Friday, August 6, 2010

रंग हिरोशिमा - लाल्टू की एक कविता



रंग हिरोशिमा


ब्लैक ऐंड ह्वाइट फोटोग्राफ में गुलाबी
जो भाप बन कर उड़ गया

आँखें फाड़ हम देखते हैं रंग हिरोशिमा
जानते हैं कि हमारे चारों ओर फैला रंग अँधेरा

हिबाकुशा रंग है जीवन का
स्लाइड शो से परे सीटों पर से उड़ते हुए
हमारे प्यार के रंगीन टुकड़ों का

हमारे ही जैसे दिखते हैं दानव
जिनका कोई देश नहीं, नहीं जिनकी कोई धरती
वाकई रंगहीन वे जो धरती से छीन लेना चाहते हैं हरीतिमा
रुकते ही नहीं सवाल
अनजाने ही रंगे गए हमारी चितकबरी चाहतों से
देर तक बहती है हिरोशिमा की याद
एक नितांत ही अँधेरे कमरे में फैलती
भोर की सुनहरी उमंग।

Wednesday, August 4, 2010

ग़लती ने राहत की साँस ली




एक अफसोसनाक और शर्मनाक हादसा जो सदियों से बदस्तूर जारी है, उसे कैसे प्रहसन में तब्दील कर दिया जाता है, उसका ताजा उदहारण विभूति प्रकरण है. अफ़सोस यह है कि इसमें वो लोग भी शामिल हैं जो बड़े साहसी है और सांस्कृतिक-साहित्यिक जगत के नेता और बेहद सुलझे हुए व्यक्ति माने जाते हैं. बेशक इनकी अपने दिल में ख़ास कद्र है. कद्र तो विभूति के भी कई कामों की है. मगर होता यही आया है कि हर `चेम्पियन` पुरूष औरतों से बदतमीजी करना अपना विशेषाधिकार मानता है. गिल के पी एस इसी समाज में हैं और बड़ी शान से हैं.
बहरहाल, जो इस मसले को जाने-अनजाने अमूर्त बना देना चाहते हैं और जो हर असहमति को हमले की तरह मान रहे है, निश्चय ही उन्होंने अपना नुकसान विभूति से ज्यादा कर लिया है. माफियों और लीपापोती का दौर चल रहा है. बाद में सेमिनारों और दारू के दौर बदस्तूर जारी रहेंगे.
फिर भी गौरतलब है कि प्रत्यक्ष-परोक्ष समर्थकों को इस बात का अहसास है कि उनकी छवि पर भी आंच आ रही है और अब वो ज्यादा संभलकर आगे आ रहे हैं. लड़ाई जहाँ तक पहुँची है, उसके नेतृत्व के लिए कृष्णा सोबती की साहसिक पहल का शुक्रगुजार तो होना ही चाहिए.

बहरहाल, मनमोहन की एक छोटी सी कविता साझा करने को जी चाहता है -
ग़लती ने राहत की साँस ली




उन्होंने झटपट कहा
हम अपनी ग़लती मानते हैं

ग़लती मनवाने वाले खुश हुए
कि आख़िर उन्होंने ग़लती मनवाकर ही छोड़ी

उधर ग़लती ने राहत की साँस ली
कि अभी उसे पहचाना नहीं गया

Monday, August 2, 2010

विभूति के बयान पर जसम

जन संस्कृति मंच पिछले दिनों म. गा हिं. वि. वि. के कुलपति श्री विभूति राय द्वारा एक साक्षात्कार के दौरान हिंदी रत्री लेखन और लेखिकाओं के बारे में असम्मानजनक वक्तव्य की घोर निंदा करता है. यह साक्षात्कार उन्होंने नया ज्ञानोदय पत्रिका को दिया था. हमारी समझ से यह बयान न केवल हिंदी लेखिकाओं की गरिमा के खिलाफ है , बल्कि उसमें प्रयुक्त शब्द स्त्रीमात्र के लिए अपमानजनक हैं. इतना ही नहीं बल्कि बयान हिंदी के स्त्रीलेखन की एक सतही समझ को भी प्रदर्शित करता है. आश्चार्य है की पूरे साक्षात्कार में यह बयान पैबंद की तरह अलग से दीखता है क्योंकि बाकी कही गई बातों से उसका कॊई सम्बन्ध् भी नहीं है. अच्छा हो कि श्री राय अपने बयान पर सफाई देने की जगह उसे वापस लें और लेखिकाओं से माफ़ी मांगें. नया ज्ञानोदय के सम्पादक रवींद्र कालिया अगर चाहते तो इस बयान को अपने सम्पादकीय अधिकार का प्रयोग कर छपने से रोक सकते थे. लेकिन उन्होंने तो इसे पत्रिका के प्रमोशन के लिए, चर्चा के लिए उपयोगी समझा. आज के बाजारवादी, उपभोक्तावादी दौर में साहित्य के हलकों में भी सनसनी की तलाश में कई सम्पादक , लेखक बेचैन हैं. इस सनसनी-खोजी साहित्यिक पत्रकारिता का मुख्य निशाना स्त्री लेखिकाएँ हैं और व्यापक स्तर पर पूरा स्त्री-अस्तित्व. रवींद्र कालिया को भी इसके लिए माफी माँगना चाहिए. जिन्हें स्त्री लेखन के व्यापक सरोकारों और स्त्री मुक्ति की चिंता है वे इस भाषा में बात नहीं किया करते. साठोत्तरी पीढ़ी के कुछ कहानीकारों ने जिस स्त्री-विरोधी, अराजक भाषा की ईजाद की, उस भाषा में न कोई मूल्यांकन संभव है और न विमर्श. जसम हिंदी की उन तमाम लेखिकाओं व प्रबुद्धनजन कॆ साथ है जिन्हॊनॆ इस बयान पर अपना रॊष‌ व्यक्त किया है.
-प्रणय कृष्ण, महासचिव, जसम