Showing posts with label Pankaj Bisht. Show all posts
Showing posts with label Pankaj Bisht. Show all posts

Tuesday, September 29, 2026

ऐसे बयान से क्या फ़ायदा



आलोक धन्वा कविता पढ़ने के लिए मंच पर आए तो उन्होंने शुरुआत वीरेन डंगवाल की इस कार्यक्रम में ग़ैर-मौज़ूदगी के ज़िक्र से की। जादुई अंदाज़-ओ-अदा से श्रोताओं को गिरफ़्त में ले लेने वाले आलोक ने कहा कि वीरेन अपने पिता के अचानक बीमार हो जाने के कारण नहीं आ पाया लेकिन उसने मुझे और मंगलेश को भेजा है। इस तरह वीरेन यहाँ है। मैं, मंगलेश और वीरेन; हम तीनों एक ही माँ के गर्भ में पले सगे भाइयों की तरह है। और फिर उन्होंने वीरेन की कविताएँ सुनानी शुरू कीं। मंगलेश उनके सामने अगली पंक्ति में बैठे हुए थे।


इस तरह, आलोक धन्वा और मंगलेश डबराल दोनों से मेरा पहला सीधा परिचय उस दिन वीरेन डंगवाल की बदौलत हुआ था। दरअसल, 14 जुलाई 2002 को करनाल के पंचायत भवन के उस कार्यक्रम की योजना वीरेन डंगवाल को बुलाने की बात से शुरू हुई थी। मंगलेश व आलोक को वीरेन ने ही यहाँ पहुँचने के लिए कहा था। पत्रकार दोस्त सुधाकर भट्ट इन दोनों को लाने के लिए कार लेकर दिल्ली गए थे। मनमोहन रोहतक से रेल में बैठकर आ गए थे। ओमप्रकाश ग्रेवाल, स्वेदश दीपक, चमन लाल, सत्यपाल सहगल, अरुण आदित्य, प्रदीप कासनी और कई दूसरे साहित्यकार ख़ुद अलग-अलग ज़रियों से यहाँ पहुँचे थे। फ़िलहाल, यह सब याद करने का मक़्सद आलोक के इस `एक गर्भ में पले भाइयों जैसे` वाक्य को याद करना है। साहित्य और संबंधों की दुनिया में लाख पेंच होते होंगे लेकिन मंगलेश और वीरेन को मैं हमेशा इसी तरह के दोस्तों के रूप में देखता रहा। `लेखक की रोटी` में वीरेन पर मंगलेश की एक पंक्ति और शायद `समकालीन जनमत` में छपा वीरेन के कविता संग्रह पर मंगलेश का लेख वैसे ही दिल में रहा करते थे।

हाँ, बहुत सारी यादों की उमड़-घुमड़ में से कुछ का उल्लेख रात में जाने क्यों देख ली गई उस तस्वीर के मद्देनज़र जिसमें वीरेन डंगवाल अपनी बीमार-कमज़ोर देह के साथ मंच पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। इस हाल में कवि की छवि चली आती है तो सुधीश पचौरी का घिनौनापन भी याद आता है। वीरेन के सम्मान में उन्हें चाहने वालों ने दिल्ली में एक कार्यक्रम आयोजित किया था जो सुधीश पचौरी को बर्दाश्त नहीं हुआ। उसने 6 अक्तूबर 2013 को हिन्दुस्तान अख़बार में इस बारे में घिनौनी टिप्पणी की। उसने कवि के बीमार होने का मज़ाक उड़ाया था जिसे हिन्दी के बड़े अख़बार ने छापा था। सत्ता-संबंधों पर टिकी हिन्दी की दुनिया ने इसका कोई विरोध किया हो, याद नहीं। हाँ, समयांतर पत्रिका (नवंबर 2013 अंक) ने `शारीरिक बनाम मानसिक रुग्णता` शीर्षक से सुधीश पचौरी और हिन्दुस्तान अख़बार की इस बेशर्मी को रेखांकित करते हुए तीखा विरोध जताया था।

पंकज बिष्ट चाहते थे कि सुधीश पचौरी की टिप्पणी के विरोध में एच.टी, मीडिया लि. को पत्र भी भेजा जाए। उन्होंने एक सुबह अचानक फोन कर इस बारे में बात की। उन्होंने कहा, ज़रूरी नहीं कि अपील जारी कर इस बारे में बहुत सारे लेखकों का समर्थन जुटाने की कोशिश की जाए। पत्र जल्दी जारी होना चाहिए और जिन्हें हस्ताक्षर करने में कोई हिचक न हो, सिर्फ़ उनके ही नाम दिए जाने चाहिए। मैंने तुरंत यही कहा कि आप बात कर लीजिए, लेकिन तय समझिए, असद ज़ैदी निश्चित तौर पर सहमति देंगे। युवाओं की बात है तो अशोक पांडे (हल्द्वानी) का नाम बिना पूछे लिख सकते हैं और शिरीष मौर्य का भी। बाक़ी मैं फोन करके पूछ लेता हूँ। आगरा क्षेत्र के अपने मित्रों से आप न ही पूछें तो बेहतर।

पंकज बिष्ट का फोन फिर क़रीब दो महीने बाद आया। बेहद दु:खी थे और बहुत गुस्से में। बोले, एचटी मीडिया को पत्र मेल कर देते हैं। मैंने पूछा कि अभी तक क्यों नहीं भेजा था। बोले, मंगलेश इसे दबा कर बैठा हुआ था। दो महीने पहले मंगलेश को फोन किया था, उसने कहा था कि वह लेटर पढ़कर बताता है। पंकज उन्हें फोन करते रहे, वे कभी उठाते-कभी नहीं उठाते। उठाते तो कहते कि किसी काम में फंस गए थे, लेटर को पढ़ नहीं सके हैं। पंकज को यह अंदाज़ था कि मसला वीरेन से जुड़ा हुआ है और हम इतना नराज़ हैं तो मंगलेश तो और भी ज़्यादा होगा। वह न सिर्फ़ पत्र पर हस्ताक्षर करेगा बल्कि उसमें लेखकों के नाम भी जोड़ देगा। पंकज बोले कि बेहतर होता, मंगलेश को हस्ताक्षर के लिए कहता ही नहीं। मैंने कहा कि अब और लेखकों से हस्ताक्षर करा लीजिए, पंकज बोले कि पहले ही देरी से इसका महत्व कम हो चुका है, अब जितने नाम हैं, काफ़ी हैं, इसे मेल कर देते हैं।

काफ़ी दिनों बाद, एक दिन तीसरे पहर के क़रीब मैं वैशाली से मैट्रो रेल में चढ़ा तो मंगलेश डबराल मिल गए। वे संजय कुंदन के साथ थे। मैंने नमस्ते की और उन्होंने सजल आत्मीयता के साथ हाल-चाल पूछने के बाद अप्रत्याशित सवाल कर दिया कि क्या पंकज (बिष्ट) उनसे नाराज़ है। मुझे कुछ समझ नहीं आया लेकिन असहज होकर कहा कि आपके मित्र हैं, आप जानें। उन्होंने कहा कि (वो) मुझे `समयांतर` नहीं भेज रहा है। मैंने कहा कि आपकी सहयोग राशि ख़त्म हो गई होगी। बोले कि नहीं, मुझे लगातार मिलती थी। मैंने कहा कि आपको तो घर से निकलते ही पटरी पर किताबों की दुकान पर दिखाई दे जाती होगी, ख़रीद लीजिए। तब मुझे यही लग रहा था कि वे मयूर विहार में रहते हैं लेकिन शायद वे किराये का मकान छोड़कर जनसत्ता अपार्टमेंट के अपने घर में आ चुके थे। उन्होंने नाराज़गी का सवाल दोहराया तो मैंने कहा कि नाराज़गी का तो पता नहीं लेकिन आप वीरेन डंगवाल पर सुधीश पचौरी की घृणित टिप्पणी के विरोध में जारी किया जाने वाला पत्र दबाकर बैठे रहे, यब बात तो उन्हें बुरी लगी थी। मंगलेश ने पहले तो कहा कि ऐसा कुछ नहीं था लेकिन मैंने ज़ोर देकर कहा कि ऐसा था तो उन्होंने कहा कि वे किसी की नौकरी नहीं लेना चाहते थे। मुझे इस जवाब पर हैरानी हुई। मैंने पूछा, किसकी नौकरी, सुधीश पचौरी की वो तो वहाँ स्तम्भ लिखता है और उस पर रोज़गार का कोई संकट नहीं है। या संपादक की जिसे शर्म नहीं आयी कि वो छाप क्या रहा है? उसकी नौकरी चली जाती?

एक तनाव तारी हो चुका था। ऐसा नहीं था कि मंगलेश को वीरेन पर पचौरी का अमानवीय हमला बुरा नहीं लगा होगा लेकिन किसी अख़बार से संबंध न बिगड़ जाएं, इस समझदारी ने उन्हें मज़बूर कर दिया होगा। यह जनसत्ता में कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान मालिकान के साथ रहने की उनकी विवशता वाले उनके शुरुआती दौर जैसा मसला भी नहीं था। वे इतना कर सकते थे कि पत्र पर हस्ताक्षर न कर पाने की बात कह देते और लेटर को दबाए न बैठे रहते। दिल उनका वीरेन के साथ ही रहा होगा, लेकिन दिमाग़!

रघुवीर सहाय की ऐसी ही किसी विवशता से खिन्न होकर असद ज़ैदी ने कभी एक कविता लिखी थी - `बेदिल की मुश्किल`। उसी से यह पंक्ति - ऐसे बयान से क्या फ़ायदा?

(एचटी मीडिया की चेयरपर्सन शोभना भरतिया को भेजा गया पत्र यहाँ पढ़ सकते हैं - (सुधीश पचौरी और सम्पादक की बीमार मानसिकता का विरोध)।



(मैंने यह पीस 29 सितंबर 2024 को फेसबुक पर लिखा था। इसे संजोने के लिए ब्लॉग पर पोस्ट कर लिया है।- धीरेश सैनी )

Thursday, August 15, 2013

यह वह सुबह तो नहीं-पंकज बिष्ट



अगर मुझे आप 'आधी रात की संतान (मिडनाइट्स चिल्ड्रन) न भी कहें तो भी मैं पैदा  ''जब दुनिया सो रही थी और भारत जाग रहा था`` या जागने की ओर बढ़ रहा था, वाले नशे के दौर में हुआ।
सौभाग्य है कि मैंने उस पीढ़ी को देखा जिसकी प्रतिबद्धता, ईमानदारी और आत्मत्याग हमारे लिए उदाहरण होता था और आज भी होना चाहिए था। जैसा भी था, उस पीढ़ी ने ऐसा सपना देखने की कोशिश की, जिसमें देश अपनी मध्यकालीन निद्रा से जाग बीसवीं सदी के विचारों और विकास के साथ तालमेल बैठाने के लिए बेचैन नजर आ रहा था। उस सपने में कमोबेश सब के लिए जगह थी। जगह थी उन मूल्यों, परंपराओं और धरोहरों - प्राकृतिक और सांस्कृतिक - के लिए जो हमें विरासत में मिलीं थीं। वह सपना एक सम्यक समाज का सपना था। गोकि वहां कोई हड़बड़ी नहीं थी। रातों रात सब कुछ को बदल कर पश्चिमी सभ्यता से टक्कर लेने की। हां, प्रतिबद्धता और ईमानदारी स्पष्ट देखी जा सकती थी। पिछले दशकों में हमने क्या किया है? एक अहर्निश उपभोगतावाद को जन्म दिया है जिसने पूरे समाज को बुभुक्षा रोग की महामारी से ग्रस्त कर दिया है। (जितना चाहे खाओ और 'गोलियों` से पचाओ) भौतिकवाद की एक ऐसी दौड़ में शामिल कर दिया है जिसमें मानवीय मूल्यों के लिए कोई जगह नहीं रही है। निजी स्तर पर सब को पीछे छोड़ देने की और उपभोग के स्तर पर, जो भी जहां भी, अच्छा है उसे हड़प लेने की एक सर्वव्याप्त लालसा है। समाज का पूरा ताना-बाना छिन्न-भिन्न हो रहा है। उदाहरण के लिए परिवार को लें। संयुक्त परिवार टूटे हैं पर उनकी जगह लेने वाली कोई दूसरी संस्थागत सुरक्षा - भावात्मक और भौतिक- कहीं नजर नहीं आती है। इसने हर स्तर पर गरीबी, असहायता और निराश्रयता को बढ़ाया है।
 
दूसरी ओर लगभग सात दशक बाद भी हमारी एक तिहाई आबादी कुपोषण और भूख से ग्रस्त है। कारण साफ है कोई भी समाज बिना एक ऐसा न्यूनतम आधार बनाए, जिसमें कुछ आधारभूत बिंदुओं पर एकता न हो, कोई न्यायसंगत समाज बनना तो रहा दूर उसकी कल्पना तक संभव नहीं है। आज हुआ क्या है? एक ओर समाज का अणु जैसा हिस्सा, पूरे गाजे-बाजे के साथ, दुनिया के सबसे धनी लोगों की जमात में शामिल हो चुका है तो दूसरी ओर बहुसंख्यक लोग दुनिया के सबसे गरीब अफ्रीका के उप-सहारा क्षेत्र से भी नीचे की श्रेणी को छू रहे हैं। यह वह तबका है जो कुपोषण से मरता है, बीमारियों से मरता है और प्राकृतिक आपदाओं से मरता है। दूसरे शब्दों में हमारी बेरुखी से मरता है।

इस दौरान हमने क्या किया है?
एक से एक अट्टालिकाओं वाले बड़े-बड़े महानगरों को पैदा किया है, जहां सारी समृद्धि और संसाधन सिमट चुके हैं। दिल्ली आजादी के समय पांच लाख की आबादीवाला शहर भी नहीं था आज डेढ़ करोड़ के निकट पहुंचने जा रहा है। मुंबई को देखें। आजादी के बाद के सबसे सुंदर शहर का आज कैसा क्षरण नजर आ रहा है। कोलकाता को तो एक अर्से पहले ही 'मरणासन्न शहर` घोषित किया जा चुका है। साफ है कि ये बढ़ती आबादी के दबाव को सह नहीं पाने के कारण बिखर रहे हैं। आजादी के समय मात्र तीन महानगर थे, आज उनसे बड़े दर्जनों शहर पैदा हो गए हैं।
 
आखिर ऐसा हो क्यों रहा है कि गांव खाली हो रहे हैं और शहर विशालकाय और असंतुलित हो अपने ही बोझ से छिन्न-भिन्न हो रहे हैं? सारे औद्योगिकीकरण के बावजूद देश की आधी से ज्यादा जनसंख्या कृषि पर निर्भर है। शिक्षित बेरोजगारों की संख्या चरम पर है। सच यह है कि औद्योगिक विकास ने जो रूप ले लिया है वह किसी भी तरह हमारी इतनी बड़ी आबादी को नौकरी नहीं दे सकता। आज लाभ का बड़ा आधार श्रम के क्षेत्र में बचत करना है। यह अचानक नहीं है कि पूंजीपति देश तीसरी दुनिया या विकासमान देशों में कारखाने लगा रहे हैं। सीधा-सा कारण है सस्ते श्रम की तलाश।  ऐसे में, यानी निजीकरण और उदारीकरण के दौर में, पूर्ण और सुरक्षित रोजगार की अपेक्षा मूर्खता है। मजदूरी घट रही है और उपभोग कम हो रहा है। अर्थव्यवस्था ठहर रही है।
उदारीकरण ने हमारे बाजारों को ही नहीं खोला है, प्राकृतिक संसाधनों की लूट के द्वार भी पूरी तरह उघाड़ दिए हैं। हमारा शासक वर्ग इस कोशिश में है कि किसी तरह से इस धरती में जो कुछ है उसे खोद-खाद कर  विदेशी मुद्रा कमा ली जाए और फिर उससे निर्बाध विदेशी उपभोक्ता सामान आता रहे। राष्ट्र की सुरक्षा के नाम पर हथियार आएं और कमीशन से वोटरों को खरीदना-भ्रमित करना आसान बना रहे।
 इसने एक और तरह के आंतरिक असंतुलन को भी पैदा किया है जिसने उत्तराखंड जैसी त्रासदियों को जन्म देना शुरू कर दिया है।
 
उत्तराखंड देश के अब तक के सबसे नये राज्यों में रहा है। इस एक दशक में यहां की नदियों के दोहन के लिए जो नहीं हो सकता था वह तक किया गया, सिवा उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्र के विकास के। इस पर भी हर सरकार का एक ही एजेंडा है 'विकास करना`। विकास से उसका तात्पर्य है ज्यादा से ज्यादा पहाड़ों को खोद देना और बड़े से बड़ा बांध बनाना। उत्तराखंड का यह दुर्भाग्य है कि वह दिल्ली जैसे महानगर के इतने निकट है। उर्जा के मामले में दिल्ली किसी सुरसा से कम नहीं है।  उसकी मांग थमनेवाली नहीं है क्योंकि वहां ऐसी जीवनशैली को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है जो सिर्फ उर्जा केंद्रित है। उत्तराखंड उसी जीवन शैली का शिकार है। उत्तराखंड में कुल बिजली की खपत का सिर्फ 13 प्रतिशत पहाड़ी क्षेत्रों में होता है। बाकी सारी बिजली प्रदेश के मैदानी भाग में इस्तेमाल होती है या फिर राष्ट्रीय ग्रिड में इजाफा करती है। पर इस बिजली उत्पादन के सारे खतरे पर्वतीय क्षेत्र के निवासियों को भोगने होते हैं और वे भोग रहे हैं।
इस बात को आप कमोबश उत्तराखंड के साथ बने दो और राज्यों पर भी यथावत लागू कर सकते हैं। विकास के इस मॉडल ने इन इलाकों में सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और भौगोलिक उथल-पुथल मचा दी है। गांव तो उजड़े  ही हैं। जंगल और नदियां खत्म होने के कगार पर हैं और प्राकृतिक असंतुलन अपने चरम पर पहुंच चुका है। अतिवृष्टि, भूस्खलन, बाढ़ का तांडव हर दिन बढ़ रहा है।
 
हम विदेशी पूंजी की आस लगाए दरवाजे पर बैठे हैं। विदेशी पूंजी है कि आने का नाम नहीं ले रही है। जो आ भी रही है वह अपनी शर्तें लाद रही है। यह विश्वबैंक की 'रिस्ट्रकचरिंग` के अलावा है। अर्थव्यवस्था ठहर चुकी है और मंदी नए सिरे से बढ़ रही है। वे उद्योग जो अपनी वृद्धि की दर के कारण उदाहरण माने जाते थे छंटनी के नजदीक हैं। मोटरगाड़ी उद्योग लीजिए। अगर हमारे नीति नियंताओं ने निजी वाहनों को न बढ़ा कर सार्वजनिक यातायात को तरजीह दी होती तो हमारा विदेशी मुद्रा कोष तेल के आयात के दबाव में इस कदर न दरकता।
बेरोजगारी निश्चय ही मंदी को और बढ़ाएगी। अर्थव्यवस्था का संकट बढ़ेगा। पर सरकार कृषि के भी कॉरपोरेटीकरण की फिराक में है। इससे और बेरोजगारी बढ़ेगी। हमारे नियंता यह नहीं समझ रहे हैं कि हम बड़ी आबादीवाले समाज हैं और हमारी सबसे बड़ी चुनौती अपने लोगों को रोजगार मुहैया करवाना है। वह तभी हो सकता है जब हम पश्चिमी विकास के तरीके को आंख मूंद कर न बढ़ावा दें। वह समाज अल्प जनसंख्या से पीडि़त है। हमारी समस्या अति जनसंख्या की है। कहा नहीं जा सकता कि आगे क्या होगा पर यह जरूर कहा जा सकता है कि यह विकास हमारे सपने का हिस्सा नहीं था।

नोट: इस लेख का संक्षिप्त रूप दैनिक 'अमर उजाला` में आज 15 अगस्त को प्रकाशित हुआ है।