Showing posts with label साहित्य. Show all posts
Showing posts with label साहित्य. Show all posts

Friday, September 7, 2012

साहित्‍य विवेक ही जीवन विवेक है - कुमार अम्बुज


करीब दो बरस पहले  यह टिप्‍पणी लिखी गई थी। 
एक स्‍थानीय आयोजन से प्रेरित। बहरहाल।
एक-दो वाक्‍यों में संपादन के साथ यह यहॉं है।


साहित्यिक आयोजनों का अजैण्डा

साहित्य संबंधी आयोजनों को मोटे-मोटे दो वर्गीकरणों में देखा जा सकता है।
1.स्पष्ट कार्यसूची (अजैण्डे) के साथ आयोजन। 2.बिना कार्यसूची के साथ आयोजन।

पहले वर्ग में, किसी विचारधारा विशेष, जैसे वामविचार को केंद्र में रखकर, उसके अंतर्गत कुछ अभीष्ट या उद्देश्य बनाकर आयोजन किए जाते हैं। उनके इरादे, घोषणाएँ, प्रवृत्ति और पक्षधरता को साफ पहचाना जा सकता है। वहाँ साहित्य संबंधी एक दृष्टि, विचार सरणी होती है और कुछ साहित्यिक मापदण्ड और समझ के औजार भी उस दृष्टि और सरणी से निसृत होकर सामने रहते हैं। तत्संबंधी नयी चुनौतियाँ भी। विचारधाराओं से प्रेरित तमाम लेखक संगठनों के आयोजन इसी वर्ग में रखे जाएँगे। और वे भी आयोजन भी, जो वाम-विचारधारा विरोधी साहित्यिकों या संस्थाओं द्वारा संभव होते हैं।

लेकिन इन सभी का अजैण्डा असंदिग्ध रूप से जाहिर होता है। सार्वजनिक। उनके उद्देश्य स्पष्ट होते हैं। प्रगतिशील लेखक संघ, जनवादी लेखक संघ, जन संस्कृति मंच, पूर्व में ‘परिमल’ के आयोजन और इधर अस्तित्व में आईं अनेक सांस्कृतिक दक्षिणपंथी संस्थाओं के कार्यक्रम, जिनकी वामविरोधी राजनीति स्पष्ट है। प्रायः इस तरह की संस्थाओं या संगठनों में औपचारिक/अनौपचारिक सदस्यता होती है और वे अपनी प्रतिबद्धताओं के लिए जवाबदेह होते हैं। इस वर्ग के ये कुछ उदाहरण हैं।

दूसरे वर्ग में मुख्यतः निजी महत्वाकांक्षाएँ, व्यक्तिगत यशकामना और/या व्यावसायिक समझ के साथ किए जानेवाले आयोजन हैं। वे किसी सामूहिक जनचेतना, व्यापक विचार या विचारधारा से प्रेरित नहीं होते। इसलिए कभी-कभार उनमें विभिन्न विचारधाराओं के लेखक भी, निजी कारणों से, एक साथ सक्रिय दीख सकते हैं। इनके एक, दो, दस आयोजनों को विश्लेषित कर लें तब भी कुछ हाथ नहीं आएगा। सिवाय इसके कि व्यक्तिगत वर्चस्व, नेतृत्व कामना के लिए, प्रकाशकीय लोभ-लाभ के लिए, पत्रिका की लांचिंग या प्रचार हेतु अथवा निजी धाक जमाने के लिए, पब्लिक रिलेशनशिप के लिए इनका आयोजन हुआ।

जब तक कोई ‘धन या अधिकार संपन्न व्यक्ति’, व्यवसायी या संक्षिप्त समूह इसके पीछे काम करता है, तब तक ये आयोजन होते हैं और फिर सिरे से गायब हो जाते हैं। फिर उनकी उतनी गूँज भी बाकी नहीं रहती जितनी एक छोटे से अंधे कुएँ में आवाज लगाने से होती है। उसका ऐतिहासिक महत्व तो दूर, उसकी किंचित उपलब्धि भी अल्प समय के बाद ही, कोई नहीं बता सकता। संक्षेप में कहें तो इनकी नियति एक ‘क्लब’ में बदल जाती है जहाँ साहित्य को लेकर, रचनाधर्मिता के संदर्भ में कोई ऐसी बात संभव नहीं जिसे गहन सर्जनात्मकता एवं बड़े विमर्श तक ले जाया जा सके। आयोजन के बाद उसे विचार की किसी परंपरा से जोड़ा जा सके। किसी आंदोलन के हिस्से की तरह उसे देखा जा सके या उस संदर्भ में नयी पीढ़ी को शिक्षित अथवा उत्प्रेरित किया जा सके।

ऐसे आयोजन, एक तरह के अवकाश को भरने या बोरियत दूर करने, साथ मिलजुलकर बैठने की इच्छा या समकालीनता में इस तरह ही सही, अपना नाम दर्ज कराने की सहज-सरल आकांक्षा, ध्यानाकर्षण की योजना अथवा समानांतर सत्ता संरचना की कामना से भी प्रेरित होते हैं और कई बार इस प्रतिवाद से भी कि उन्हें अपेक्षित रूप से स्वीकार नहीं मिला है। या उन्हें कमतर समझा गया है। या यह कि उन्हें और, और, और, और, और जगह चाहिए। लेकिन इनका जो भी आयोजक होगा, उसकी महत्वाकांक्षाओं या इरादों को समझा जा सकता है। हालॉंकि सतह पर तैरती चतुराई के कारण उनके वास्तविक उद्देश्य स्पष्ट होने में किंचित समय भी लग सकता है।

लेकिन एक बात यहाँ सबसे महत्वपूर्ण होती हैः वह यह कि इनका कोई घोषित अजैण्डा नहीं होता। या इनकी कोई कार्यसूची होती भी है तो उससे साहित्य या जीवन, (याद करें मुक्तिबोध का महान वाक्यः ‘जीवन विवेक ही साहित्य विवेक है।’) के प्रति, किसी भी विचारधारा और दृष्किोण से संबंध नहीं बैठाया जा सकता। इसलिए ऐसे आयोजन एक मिलन समारोह, पर्यटन, सामूहिक दस्तरखान के सुख, आनंददायी तस्वीरों और अन्य मधुर स्मृतियों में ही न्यून हो जाते हैं। इन्हें अन्य द्वारा वित्तपोषित ‘साहित्यिक किटी पार्टियों’ की तरह भी देखा जा सकता है।

एक अन्य उपवर्ग उन संस्थानों का बनता है जिनके पास शासकीय या गैरशासकीय स्त्रोतों से बजट है और वे उस बजट को खपाने के लिए, अपने संस्थान की क्रियाशीलता को बनाए रखने के लिए तमाम आयोजन करने को विवश हैं। प्रायः, जब तक कि संप्रति सरकारों का दबाब न हो, उनका किसी विचारधारा विशेष के प्रति विरोध या समर्थन नहीं होता। वहाँ कोई भा आ-जा सकता है और उनसे लाभ लिया जा सकता है। उसमें भागीदारी से किसी को कोई उज्र या ऐतराज नहीं होता, जब तक कि कुछ विचारधारात्मक सवालों से मुठभेड़ न हो। आकाशवाणी, दूरदर्शन, साहित्य अकादमियाँ, हिंदी उन्नयन संस्थाएँ आदि इसके उदाहरण हैं। इन संस्थाओं के पास भी, साहित्य को लेकर कोई विशिष्ट औचित्य या दृष्टि नहीं होती, सिवाय इस महान वाक्य के कि ‘वे साहित्य और रचनाकारों की सेवा कर रहे हैं और उनका जन्म बस यही करने के लिए हुआ है।’

बहरहाल, यदि पहले वर्ग के आयोजनों में किसी के द्वारा शिरकत की जा रही है तो वह खास तरह के वैचारिक अजैण्डा की जानकारी के साथ, उसके प्रति सहमति, प्रतिबद्धता या उत्सुकता से की जाएगी। और दूसरे वर्ग के आयोजन में शिरकत की जा रही है तो वह मूलतः मौज मस्ती, मेल-मिलाप, उत्सवधर्मिता और संबंधवाद के लिए। लेकिन प्रकारांतर से इस तरह लोग जाने-अनजाने किसी की महत्वाकांक्षा या छिपे हुए निजी अजैण्डा के सहभागी हो जाते हैं। और कई बार तो कृतज्ञ भी। जाहिर है कि शिरकत करते हुए तमाम लोग निजी रूप से निर्णय लेते हैं, अपना चुनाव करते हैं लेकिन फिर लाजिमी है कि वे जलसा उपरांत कुछ विचार भी करें। मसलन यह, कि आखिर क्या वे इन चीजों का वाकई हिस्सा होते रहना चाहते हैं!

ऐसा भी हो सकता है कि किसी आयोजन में विभिन्न विचारधाराओं से प्रेरित या विचारधाराहीन (??) लेखकों का जमावड़ा कराया जाए, उनके बीच मुठभेड़ कराई जाए और फिर उसे आयोजनकर्ता दिलचस्पी से देखें, अपनी स्पॉन्सरशिप का भरपूर आनंद उठाएँ। इसका कुछ विचारणीय पक्ष शायद तब भी हो सकता है कि जब वे कुछ गंभीर सवालों को खड़ा करें, उन्हें सूचीबद्ध करें, बताएँ कि ये महत्वपूर्ण निष्पत्तियाँ हैं, इन पर व्यापक विमर्श हो। इसलिए अपेक्षित होगा कि ये आयोजनकर्ता, औपचारिक तौर पर बताएँ कि इससे उनके किन उद्देश्यों की पूर्ति होती है और आगे भी इस तरह की ‘कांग्रेस’ करते रहने के पीछे उनकी क्या राजनीति, योजना, मंशा और आकांक्षा है। और इसे व्यापक करने की क्या रणनीति है।

निजी तौर पर यों मौज-मस्‍ती और हो-हल्‍ले का विरोधी नहीं हूँ लेकिन यह शायद आग्रह या दुराग्रह हो कि मैं हर उस आयोजन के समर्थन में आसानी से हूँ जिसका अजैण्डा जाहिर हो। भले ही, उनका वह आयोजकीय प्रयास असफल सिद्ध हो। कि मैं तत्संबंधी उद्देश्यों और आकांक्षाओं को पहले समझ तो लूँ। यानी फिर वही अमर सवालः ‘पार्टनर, तुम्हारी पॉलिटिक्स क्या है?’

पिछले कुछ वर्षों से यदि अजैण्डा आधारित आयोजन, विचारधारा संपन्न कार्यक्रम प्रचुरता से नहीं हो पा रहे हैं तो तमाम वामपंथी कहे और समझे जानेवाले लेखकों के लिए इसका अर्थ या विकल्प कदापि यह नहीं हो सकता कि अजैण्डाविहीन, मौजमस्ती मूलक आयोजनों में अपने को गर्क किया जाए।

और यह भी याद कर लेना यहाँ अप्रासंगिक न होगा कि दीर्घकालीन दृष्टि और किसी अजैण्डे के साथ काम करने से ही संगठन और संस्थाएँ बनती हैं। विमर्श आग्रगामी होता है। अजैण्डाविहीन ढ़ंग से काम करने से ‘गुट’ बनते हैं। भावुक, आभारी बनानेवाली, सी-सा मित्रताएँ बनती हैं। और इन्हीं सबके बीच आत्मतोषी रचनापाठ, कुछ आत्मीय विवाद, वैचारिक-उत्तेजनाविहीन कलह और आमोद-प्रमोद होता है। और यह किसी साहित्यिक आयोजन का अजैण्डा हो नहीं सकता।

इसलिए ऐसे आयोजनों को जब किसी उतावलेपन में, उत्साह में या अनुग्रहीत अनुभव करते हुए साहित्यिक उपलब्धि की तरह प्रचारित किया जाता है अथवा उस तरह से पेश करने की कोशिश की जाती है, इन आयोजनों के लिए फिर-फिर आकांक्षा प्रकट की जाती है तो कुछ सवाल नए सिरे से उठते हैं।
---

(मैंने अपने प्रिय कवि-विचारक कुमार अम्बुज का यह लेख उनके ब्लॉग से साभार लिया है। मुझे लगताहै कि उन्होंने बड़ी ईमानदारी, गंभीरता और साफगोई के साथ जो बातें की हैं, उन पर व्यक्तिगत विवादों से ऊपर उठकर विचार किए जाने की जरूरत है। )

Thursday, January 28, 2010

साहित्य अकादमी, सैमसंग की खैरात और साहित्यकार

इस देश की जनता के स्वाभिमान को नष्ट करने के नए नए कीर्तिमान बनाने वाली यूपीए सरकार ने फिर एक नया कारनामा किया। उसकी संस्कृति मंत्रालय ने बहुराष्ट्रीय उपभोक्ता उत्पाद कंपनी सैमसंग की खैरात बांटने के काम में देश की साहित्य अकादमी को ही लगा दिया। साहित्य अकादमी को सैमसंग के प्रचारक की भूमिका में खड़ा कर दिया गया। जनसत्ता में कवि विष्णु खरे के लेख छपने के बाद से ही लेखकों में साहित्य अकादमी और सैमसंग के बीच हुए इस गठजोड़ को लेकर बहस शुरू हो गई थी। बहुत जल्दी नाम और यश हासिल कर लेने के लिए आतुर कुछ नए लेखकों ने इस गठजोड़ के पक्ष में कुतर्क दिया, मगर आम तौर पर इसके प्रति लेखकों में एक विरोध भाव ही देखा गया। 13 दिसंबर को जसम, दिल्ली ने अपने सम्मेलन में इसके विरोध में प्रस्ताव लिया। मगर पूंजीपरस्ती और साम्राज्यवादपरस्ती किस हद तक बेशर्म और अलोकतांत्रिक बना दे देती है, इसका नमूना 25 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस के एक दिन पूर्व दिखा। नामवर सिंह, कृष्णा सोबती, महाश्वेता देवी, मैनेजर पांडेय, विश्वनाथ त्रिपाठी, मंगलेश डबराल, मुरली मनोहर प्रसाद जैसे कई वरिष्ठ लेखकों ने साहित्य अकादमी की स्वायत्ता और उसके संविधान के विरुद्ध बताते हुए विरोध में अपने बयान दिए थे, लेकिन उनके विरोध की भी अनदेखी करते हुए ओबेराय होटल के बालरूम में हिंदी समेत आठ भाषाओं के लेखकों को टैगोर लिटरेचर अवार्ड के बतौर सैमसंग की ओर से 91-91 हजार रुपये दिए गए। मगर धन के बल पर दुनिया की हर चीज की सरपरस्ती का घमंड पालने वाले अंदर से कितने डरे होते हैं यह नजारा भी उस रोज दिखाई दिया। जसम, दिल्ली ने पुरस्कार समारोह के मौके पर ओबेराय होटल के बाहर मानव श्ाृंखला बनाने की घोषणा की थी। मगर पुरस्कार वितरण करने वाली कोरिया के राष्ट्रपति की पत्नी की सुरक्षा का बहाना बनाकर पुलिस के आला अधिकारियों ने 24 जनवरी की देर शाम अचानक इस विरोध कार्यक्रम को इजाजत देने से मना कर दिया। तब आनन-फानन में रात में ही लेखकों को सूचित किया गया कि मानव श्ाृंखला साहित्य अकादमी के बाहर आयोजित की जाएगी। 25 जनवरी को ओबेराय होटल के पास तो भारी पुलिस का जमावड़ा था ही, साहित्य अकादमी के पास भी पुलिस की इतनी बड़ी तादाद मौजूद थी, मानो किसी बड़े आक्रामक जनसमूह द्वारा वहां हमले का आशंका हो। वैसे तो बहुत सारे आमंत्रित लेखकों ने समारोह का बहिष्कार किया, पर कुछ ‘महान’ लोग जो वहां पहुंचे उन्हें भी सैमसंग के दरबार में पहुंचने के लिए देर तक इंतजार करना पड़ा। आमंत्रण पत्र होने के बावजूद कई पत्रकारों को अंदर जाने की इजाजत नहीं दी गई। दैनिक भास्कर में अनिरुद्ध शर्मा ने लिखा कि विदेशी कंपनी का साया ऐसा था कि साहित्य अकादमी के पदाधिकारी एक तमाशबीन की तरह पत्रकारों की बेइज्जती का नजारा देखते रहे।

जिस वक्त पत्रकारों और साहित्यकारों को अपमानित करने का सिलसिला जारी था और अंदर समारोह में साहित्य अकादमी के अध्यक्ष सुनील गंगोपाध्याय सैमसंग के खैरात के जरिए क्षेत्रीय भाषाओं के लेखकों के हित का सपना दिखा रहे थे और इस तरह के और भी गठबंधन करने के दावे कर रहे थे, उसी वक्त पुश्किन की मूर्ति (साहित्य अकादमी) के पास साहित्यकार-संस्कृतिकर्मी अकादमी की स्वायत्तता और उसके लोकतांत्रिकरण के लिए संघर्ष चलाने का संकल्प ले रहे थे। उनके हाथों में और गले में तख्तियां थीं जिनपर नारे और रवींद्रनाथ टैगोर के उद्धरण थे- ‘साहित्य अकादमी की स्वायत्तता चाहिए, किसी बहुराष्ट्रीय कंपनी की भीख नहीं’, ‘साहित्य अकादमी को किसी कंपनी का एड-एजेंसी मत बनाओ’, ‘सोनिया-मनमोहन संस्॥ति मंत्रालय को मत बेचो’ तथा ‘चिड़िया के पंखों को सोने से मढ़ दो,बस। फिर वह कभी उड़ नहीं सकेगी’, ‘ अंधकार प्रकाश की ओर बढ़ता है लेकिन अंधापन मृत्यु की ओर’, ‘उच्च कोटि के मानव समाजों का निर्माण मुनाफाखारों द्वारा नहीं होता है। वह तो स्वप्नद्रष्टाओं द्वारा होता है। वे करोड़पति जो ढेर-ढेर मात्रा में माल-असबाब का उत्पादन करते हैं, उन्होंने अभी तक एक भी सभ्यता का निर्माण नहीं किया है।’

इस मौके पर वरिष्ठ कवि विष्णु खरे ने कहा कि अब यह साफ हो गया है कि इस शर्मनाक पुरस्कार के पीछे प्रधानमंत्री स्वयं हैं। साहित्य अकादमी को एक तरह से सैमसुंग के हाथों बेच दिया गया है। इस प्रधानमंत्री के मन में साहित्य, कला, संस्कृति के लिए कोई सम्मानजनक भाव नहीं है। सैमसंग और साहित्य अकादमी के बीच यह संबंध कालाबाजारी, बेईमानी और भ्रष्टाचार को तरजीह देने के समान है। इसके खिलाफ लेखकों को संघर्ष तेज करना चाहिए। जसम दिल्ली के अध्यक्ष कवि मंगलेश डबराल ने कहा कि उन्हें जिस साहित्य अकादमी से पुरस्कार मिल चुका है उसी संस्था का एक विदेशी कंपनी के समक्ष समर्पण शर्मनाक है। इस पुरस्कार का निर्णय और पूरी प्रक्रिया ऐसी रही है जैसे किसी अंडरवल्र्ड के जरिए इसे संचालित किया जा रहा हो। खतरनाक यह है कि यह पुरस्कार साहित्य-संस्कृति के क्षेत्र में तमाम विदेशी कंपनियों के लिए रास्ता खोल देगा। समयांतर पत्रिका के संपादक और कथाकार पंकज बिष्ट ने कहा कि दुनिया में कोई देश ऐसा नहीं है जिसकी अकादमियों में किसी विदेशी कंपनी का दखल है। इस पुरस्कार के जरिए साहित्य की गरिमा और स्वायत्तता को चोट पहुंचाई गई है। आज जरूरत यह है कि लेखक अपने को संगठित करते हुए अकादमियों के ढांचे को स्वायत्त और लोकतांत्रिक बनाएं। उद्भावना पत्रिका के संपादक अजेय कुमार ने कहा साम्राज्यवाद विरोधी साहित्य की गौरवशाली परंपरा को आघात पहुंचाने वाला है यह पुरस्कार। इसके जरिए आर्थिक क्षेत्र में सरकार का जो एजेंडा है उसे संस्कृति के क्षेत्र में लागू किया गया है। कवि रंजीत वर्मा ने कहा कि इस शर्मनाक पुरस्कार ने साहित्यिक संगठनों को और भी मजबूत बनाने की जरूरत को सामने ला दिया है। अधिवक्ता रवींद्र गढ़िया ने कहा कि यह सरकार का दिवालियापन है जो साहित्य संस्॥ति के लिए स्पांसर तलाश रही है। कवि मुकुल सरल ने कहा कि सरकार अपनी साम्राज्यवादपरस्त नीतियों के लिए साहित्य में समर्थन जुटाने के लिए ऐसा कर रही है। हिंदी साहित्य के अध्येता छात्र नेता अवधेश ने कहा कि इस चारण-भांटों की संस्..ति के खिलाफ लेखकों के संघर्ष में छात्रों की भूमिका भी सुनिश्चित की जाएगी। सुधीर सुमन ने कहा कि गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर इस सम्मान समारोह को आयोजित करके सरकार ने यही संकेत दिया है कि वह जबरन अपना साम्राज्यवादपरस्त एजेंडा साहित्य में लागू करेगी, लेकिन देश के साहित्यकारों की बड़ी आबादी जो अपने और अपने समाज के जीवन संघर्ष को रचनाओं मे दर्ज कर रही है, उसका इस एजेंडे से स्वाभाविक टकराव है। ऐसे लेखकों की एकजुटता जरूर बनेगी। जसम दिल्ली की सचिव भाषा सिंह ने कहा कि यह सिर्फ साहित्यकारों का मामला नहीं है, बल्कि जनता के पैसे से चलने वाली एक स्वायत्त संस्था का कारपोरेट के हित में इस्तेमाल का मामला है। अतः इस संघर्ष के साथ व्यापक लोगों को जोड़ना होगा। मानव श्ाृंखला में वैभव सिंह, कुमार मुकुल, सुनील सरीन, अलका सिंह, रमन कुमार सिंह, अंजनी कुमार, रामजी यादव, भूपेन, धर्मेंद्र सुशांत, कपिल शर्मा, रंजीत अभिज्ञान, आलोक, योगेंद्र आहूजा, अच्युतानंद मिश्र आदि भी मौजूद थे। आगामी विश्व पुस्तक मेले में इस मुद्दे को साहित्यकारों औेर पाठकों तक ले जाने तथा उनको एकजुट करने, हस्ताक्षर अभियान चलाने, पर्चा बांटने और तमाम साहित्यिक सांस्कृतिक संगठनों को एक मंच पर लाने की कोशिश की जा रही है।

सैमसंग-साहित्य अकादमी का यह टैगोर लिटरेचर अवार्ड हो या सरकार द्वारा गणतंत्र दिवस पर घोषित पद्मश्री वगैरह पुरस्कार, इनके चुनाव की प्रक्रिया से भी यह अंदाजा लगता है कि इसमें किसी को सम्मानित करने के बजाए सरकार या कंपनी का प्रचार ही मूल मकसद रहता है। इसी कारण अक्सर दिवालिये या विवादास्पद किस्म के निर्णय लिए जाते हैं। ऐसा ही इस बार हुआ 1995 में पद्मश्री ठुकराने वाले वरिष्ठतम गीतकार जानकीवल्लभ शास्त्री के साथ, उन्हें एक बार फिर सरकार की ओर से पद्मश्री का खैरात दिया गया। इससे उन्होंने अपमानित महसूस किया और उसे पद्मश्री अमपान बताकर वापस कर दिया। यह केंद्र सरकार के साथ नीतिश सरकार को भी दिया गया करारा जवाब है जो हर चीज का इस्तेमाल बिहार विकास के छद्म की ब्रांडिंग के लिए करने को उतावली है। यह भी सवाल नहीं है कि पद्मविभूषण मिलता तो वे ले लेते या नहीं। यह वही जानकी वल्लभ शास्त्री हैं, जिनकी कविता बिहार की राजधानी पटना और हाजीपुर को जोड़ने वाले गांधी सेतु पर अंकित है, जिसे उन्होंने उसके निर्माण में अपना जीवन लगा देने वाले मजदूरों के लिए लिखी थी और जब उस कविता के लिए सरकार ने उन्हें पुरस्कार देना चाहा तो यह कहकर उन्होंने मना कर दिया था कि पुरस्कार तो मजदूरों को मिलना चाहिए। एक ओर जानकीवल्लभ शास्त्री हैं और दूसरी ओर सैमसंग के दरबार में साहित्यकारों का हित तलाशने वाले लोग। आज साहित्यकारों के लिए यह सवाल है कि वे किसकी परंपरा के साथ खड़े होंगे?

यह मेल जसम की ओर से मिला है। हालाँकि इस बारे में कुछ अन्य ब्लॉग भी जानकारी दे चुके हैं पर विषय की गंभीरता के नाते इसे यहाँ भी दिया जा रहा है। (लेखकों के अलावा सजग नागरिकों से भी इस मसले पर विरोध की अपेक्षा के साथ)

Tuesday, October 6, 2009

चिदम्बरम जैसे लोग सोफेसटिकेटेड माफिया हैं और बुद्धिजीवी खामोश हैं : आनंदस्वरूप वर्मा




सत्ता का दमनकारी चरित्र लगातार तीखा हो रहा है लेकिन खासकर हिन्दी पट्टी में `कोई फर्क नहीं पड़ता` जैसी स्थिति है। एकदम सन्निपात की स्थिति क्यों है? इमरजेंसी के दौरान दो-चार-दस दिन की खामोशी के बाद आन्दोलन की स्थिति बन गई थी और इसमें बुद्धिजीवियों, साहित्यकारों की बड़ी संख्या थी। सीपीआई से जुड़े लोगों (चाहे वो नामवर सिंह हों या कोई भी सिंह हों या त्रिपाठी हों) की बात और है वर्ना विभिन्न धाराओं के बाकी लोगों ने इमरजेंसी का विरोध किया था। आज इमरजेंसी से भी बुरी स्थिति है। अब तो इमरजेंसी की घोषणा भी नहीं है लेकिन देश की जनता पर सेना से हमले की योजना बन रही है। वायु सेना अध्यक्ष ख़ुद हमले की इजाज़त दिए जाने का बयान दे रहा है। भारत जैसे लोकतंत्र में वायु सेना अध्यक्ष का इस तरह का बयान हैरानी भरा है। सेना ओपरेशन ग्रीन हंट पर काम कर रही है और एक महीने में माओवादियों के सफाए की योजना है। आखिर यह क्या संयोग है कि तमाम नक्सली गढ़ वही हैं, जहाँ खनिज सम्पद्दा है।

चिदम्बरम अब गृह मंत्री हैं, पहले वित्त मंत्री थे और उससे पहले वेदांत ग्रुप के डायरेक्टर थे। ऐसे क्रिमिनल, बदनाम ग्रुप के जो उड़ीसा के पर्वत बर्बाद कर चुका है और अब छतीसगढ़ के प्राकृतिक संसाधनों को कब्जाना चाहता है। २००६ में चिदम्बरम की इस भूमिका को लेकर संसद में हंगामा भी हो चुका है। सत्ता माफिया तत्वों के हाथ में है। माफिया सिर्फ़ मुख्तार अंसारी या राजा भैया जैसे लोग नहीं हैं। चिंदबरम जैसे सोफेसटिकेटीड माफिया कोर्पोरेट के लिए आराम से लूट के अड्डे स्थापित करने में जुटे हैं। देश में ५५० सेज़ बनाने की योजना है। नंदीग्राम, कलिंगनगर, नंदवाडा, काशीपुर (उड़ीसा) आदि में आग माओवादियों की नहीं बल्कि टाटाओं, अम्बानियों, जिन्दलों की लगाई हुई है। सरकार कह रही है कि पूंजीपतियों के लिए सारी ज़मीनें खाली कर दो।

मीडिया कह रहा है कि आम जनता पिस रही है. आम जनता ही तो माओवादी है जो सरकार की नीतियों की वजह से पिस रही है. सत्तातंत्र की साजिशों को समझने की जरुरत है। विश्व बैंक के १९९० के एक दस्तावेज में राज्य की भूमिका को पुनर्परिभाषित किया गया था, उसी के आधार पर सत्ता कोर्पोरेट सेक्टर के हाथों में जा रही है और सरकार का काम बतौर फेसिलिटेटर सेनाएं भेजकर जनता के विरोध को दबाना भर रह गया है. माओवादियों के दमन के नाम पर सेना भेजी जाती है, यह नहीं कहते कि सेना को मित्तलों, जिन्दलों की मदद के लिए भेजा जा रहा है.

१९९८ में आडवाणी ने कहा था कि नक्सलवाद को सबसे ज्यादा मदद बौद्धिक लोगों से मिलती है। तब चार स्टेट नक्सलवाद से प्रभावित बताये जा रहे थे. पाटिल गृह मंत्री थे तो ऐसे २०-२२ स्टेट बताते थे. उत्तर पूर्व के राज्यों और जम्मू-कश्मीर को मिलाएं तो संख्या करीब २८ होती है. फिर आप शासन कहाँ कर रहे हैं? दरअसल दमन के जरिये प्राकृतिक संसाधनों को कोर्पोरेट के हवाले करने के लिए हव्वा खडा किया गया. दमन बढ़ता गया तो जनता का विरोध भी फैलता गया.

किसी भी देश में ऐसी स्थितियां आयीं तो बौद्धिक वर्ग विरोध में अगली कतार में खड़ा नज़र आया। पर यहाँ ऐसा नहीं है। छतीसगढ़ एक्ट में माओवादियों के बारे में सोचना भी अपराध है। मान लीजिये आसपास के इलाके में ऐसी स्थिति होतीहै और लिखने-पढने वाला आदमी होने के नाते मैं इसकी पड़ताल करना चाहता हूँ, उसकी किसी बुकलेट को या इंटरनेट के जरिये उस बारे में अध्ययन करना चाहता हूँ तो मावोआदी बताया जाकर उत्पीड़न का शिकार बनाया जा सकता हूँ। या आज अचानक किसी संगठन को प्रतिबंधित कर दिया जाए और मैं उसका १० साल से सदस्य हूँ, कल मुझे गिरफ्तार कर लिया जाए। हो सकता है कि जब साहित्यकारों को ऐसी स्थिति का सामना करना पड़े, वे तब खामोशी तोडें। यह ऐसा है कि क्रांति की कविताएँ-कहानियाँ लिखने वाला क्रांति की स्थिति दिखे तो चुप्पी साध ले।

(३ अक्तूबर को गांधी शांति प्रतिष्ठान, दिल्ली में जसम द्वारा आयोजित गोष्ठी में जैसा बोले )

Thursday, March 19, 2009

वरुण गांधी जैसी भाषा बोलता ब्लॉग


आप गौर करें इन दिनों एक ब्लॉग संचालक व उस पर अवतरित हो रहे `हिंदी साहित्यकारों ' की भाषा और वरुण गांधी की भाषा में कोई फर्क नहीं मिलेगा। यह ऐसी कुटिल भाषा है जो अपनी लफंगई और बेशर्मी का लाभ चाहती है। इनमें से एक तो बाकायदा नवजागरण के `पुरोधा' है, `क्रांतिकारी' हैं पर उनके साथ ये विशेषण वैसे ही हैं जैसे वरुण के साथ गांधी शब्द चिपका है। एक साहित्यकार हैं जो कुछ वक्त पहले खुद युवा लेखन पर एक टिप्पणी को लेकर बुरी तरह पिट रहे थे। हालांकि अपना मानना यही रहा है कि उस टिप्पणी में उनके कुछ जेनुइन कंसर्न थे जिन पर गौर करने के बजाय उन पर लफंगई ढंग के हमले शुरू कर दिए गए थे। हैरानी की बात यह है कि अब वे खुद ऐसी भाषा पर उतर आए हैं। एक पत्रकार महोदय हैं, जिनके लिए साहित्य महज किसी खबरी तड़के की तरह है। हालांकि पिछले दिनों वे खुद शर्मनाक आरोपों से घिरे हुए थे। हिंदी पट्टी का यह घोर दुर्भाग्य ही है।
अपने प्रिय कवि-विचारक मंगलेश डबराल पर किए जा रहे घटिया हमलों की निंदा करते हुए मैं अपने मित्रों के साथ उनकी कुछ कविताएं ही पढ़ना चाहता हूं -

अभिनय
-----


एक गहन आत्मविश्वास से भरकर
सुबह निकल पड़ता हूँ घर से
ताकि सारा दिन आश्वस्त रह सकूँ
एक आदमी से मिलते हुए मुस्कराता हूँ
वह एकाएक देख लेता है मेरी उदासी
एक से तपाक से हाथ मिलाता हूँ
वह जान जाता है मैं भीतर से हूँ अशांत
एक दोस्त के सामने ख़ामोश बैठ जाता हूँ
वह कहता है तुम दुबले बीमार क्यों दिखते हो
जिन्होंने मुझे कभी घर में नहीं देखा
वे कहते हैं अरे आप टीवी पर दिखे थे एक दिन


बाज़ारों में घूमता हूँ निश्शब्द
डिब्बों में बन्द हो रहा है पूरा देश
पूरा जीवन बिक्री के लिए
एक नई रंगीन किताब है जो मेरी कविता के
विरोध में आई है
जिसमें छपे सुन्दर चेहरों को कोई कष्ट नहीं
जगह जगह नृत्य की मुद्राएँ हैं विचार के बदले
जनाब एक पूरी फ़िल्म है लम्बी
आप ख़रीद लें और भरपूर आनन्द उठाएँ


शेष जो कुछ है अभिनय है
चारों ओर आवाज़ें आ रही हैं
मेकअप बदलने का भी समय नहीं है
हत्यारा एक मासूम के कपड़े पहनकर चला आया है
वह जिसे अपने पर गर्व था
एक ख़ुशामदी की आवाज़ में गिड़गिड़ा रहा है
ट्रेजडी है संक्षिप्त लम्बा प्रहसन
हरेक चाहता है किस तरह झपट लूँ
सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार ।
(1990)


पत्तों की मृत्यु
---------

कितने सारे पत्ते उड़कर आते हैं
चेहरे पर मेरे बचपन के पेड़ों से
एक झील अपनी लहरें
मुझ तक भेजती है
लहर की तरह कांपती है रात
और उस पर मैं चलता हूं
चेहरे पर पत्तों की मृत्यु लिए हुए

चिड़ियां अपने हिस्से की आवाज़ें
कर चुकी हैं लोग जा चुके हैं
रोशनियां राख हो चुकी हैं
सड़क के दोनों ओर
घरों के दरवाज़े बंद हैं
मैं आवाज़ देता हूं
और वह लौट आती है मेरे पास.
(1979)


कविता
----


कविता दिन-भर थकान जैसी थी
और रात में नींद की तरह
सुबह पूछती हुई :
क्या तुमने खाना खाया रात को?
(1978)


Fascism Grows in Black Rain Painting by Adam Gillespie